लार्ज फिश फीड मिल की स्थापना से नीरजा पाटिल ने मत्स्य उद्योग को दी नई दिशा*
*कहानी बदलाव की*
*
*राजगढ़ 22 सितम्बर, 2026*
नरसिंहगढ़ विकासखंड के पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में श्रीमती नीरजा पाटिल ने नील क्रांति योजना का लाभ लेकर लार्ज फिश फीड मिल स्थापित कर मत्स्य उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहल की है। 10 टन प्रतिदिन क्षमता वाली इस इकाई की कुल लागत 2 करोड़ रुपये है, जिसमें शासन द्वारा 1.20 करोड़ रुपये का अनुदान प्रदान किया गया है। लार्ज फिश फीड मिल के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 10 टन मत्स्य आहार की आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में इकाई से प्रतिवर्ष 250 से 300 टन मत्स्य आहार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे श्रीमती पाटिल को लगभग 87 लाख से 1.05 करोड़ रुपये तक का वार्षिक व्यवसाय प्राप्त हो रहा है।
इस इकाई की स्थापना से राजगढ़ जिले के मत्स्य किसानों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण मत्स्य आहार की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। साथ ही मध्यप्रदेश के अन्य क्षेत्रों के अलावा देश के अन्य राज्यों में भी मत्स्य आहार की आपूर्ति की जा रही है। इससे जिले में सघन मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलने के साथ मत्स्य किसानों के लिए आवश्यक आहार की उपलब्धता भी सुगम हुई है। मत्स्य क्षेत्र में आगे विस्तार की दिशा में भी श्रीमती नीरजा पाटिल द्वारा पहल की जा रही है। एकीकृत मत्स्योद्योग नीति 2026 के तहत उन्होंने रायसेन जिले के बारना जलाशय में 500 केज तथा दाहोद जलाशय में 250 केज स्थापित करने के लिए आवेदन किया है।